पुरानी तस्वीरों में लौटीं CM साय की यादें, खुद कैमरा थामकर फोटो जर्नलिस्ट की तस्वीर खींची

रायपुर। तस्वीरें सिर्फ बीते पलों की याद नहीं होतीं, बल्कि वे इतिहास, समाज और जीवन की कहानियों को भी संजोकर रखती हैं। रायपुर में आयोजित ‘दृश्य संवाद 2026’ के समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का भी ऐसा ही भावुक और आत्मीय अंदाज देखने को मिला। प्रदर्शनी में अपनी वर्षों पुरानी तस्वीरें देखकर मुख्यमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन से जुड़े कई संस्मरण साझा किए।

रायपुर प्रेस क्लब की ओर से विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर 19 अगस्त से पांच दिवसीय फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट का आयोजन किया गया था। समापन समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री साय ने फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। यहां उनके राजनीतिक सफर के साथ ग्रामीण जीवन और खेती-किसानी से जुड़ी तस्वीरें भी प्रदर्शित की गई थीं।

पहली बार विधायक बनने की फोटो देखकर सुनाया किस्सा

प्रदर्शनी में पहली बार विधायक बनने के समय की अपनी तस्वीर देखकर मुख्यमंत्री ने पुराना किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि उस समय उन्होंने विशेष रूप से सफारी सूट सिलवाया था। वहीं हल चलाते हुए अपनी तस्वीर देखकर उन्होंने खेती-किसानी के दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि गांव, खेत-खलिहान और मिट्टी से जुड़ी तस्वीरें उन्हें पुराने दिनों की याद दिलाती हैं।

CM ने खुद संभाला कैमरा

प्रदर्शनी के दौरान मुख्यमंत्री ने अचानक कैमरा अपने हाथ में ले लिया। उन्होंने एक फोटो जर्नलिस्ट की तस्वीर खींची। आमतौर पर जिन पत्रकारों के कैमरे मुख्यमंत्री की तस्वीरें कैद करते हैं, इस बार उन्हीं में से एक की तस्वीर मुख्यमंत्री ने खुद कैमरे में उतारी। यह पल आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में रहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक तस्वीर कई बार बिना शब्दों के पूरी कहानी कह देती है। फोटो पत्रकार कठिन परिस्थितियों में घटनाओं और समाज के महत्वपूर्ण क्षणों को रिकॉर्ड करते हैं। उन्होंने ‘दृश्य संवाद 2026’ की सराहना करते हुए आयोजकों और फोटो पत्रकारों को बधाई दी।

प्रदर्शनी में प्रकृति, पर्यावरण, संस्कृति, परंपरा और जनसरोकार से जुड़ी तस्वीरों को भी स्थान दिया गया। आयोजन में प्रेस क्लब पदाधिकारियों, वरिष्ठ फोटो पत्रकारों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में फोटोग्राफी प्रेमियों ने हिस्सा लिया।

Exit mobile version