नेतन्याहू पर भड़कीं मेलोनी, इजरायल के साथ रक्षा समझौता निलंबित

रोम। इजरायल की सैन्य कार्रवाई को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते असंतोष के बीच इटली ने बड़ा कदम उठाते हुए इजरायल के साथ अपना रक्षा समझौता निलंबित कर दिया है। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने स्वयं इस फैसले की पुष्टि की है। यह निर्णय ऐसे समय आया है जब मध्य-पूर्व में तनाव लगातार बढ़ रहा है और वैश्विक स्तर पर इसकी आलोचना हो रही है।

जानकारी के मुताबिक, यह रक्षा समझौता वर्ष 2006 में लागू हुआ था, जिसमें सैन्य उपकरण, तकनीकी अनुसंधान, प्रशिक्षण और रक्षा सहयोग जैसे कई अहम पहलू शामिल थे। हर पांच साल में इसकी समीक्षा की जाती थी, लेकिन वर्तमान हालात को देखते हुए इटली सरकार ने इसके स्वतः नवीनीकरण को रोकने का फैसला लिया है।

इस फैसले के पीछे हालिया घटनाएं भी बड़ी वजह मानी जा रही हैं। पिछले सप्ताह इटली ने आरोप लगाया था कि इजरायली सेना ने लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में शामिल इतालवी सैनिकों के काफिले पर चेतावनी स्वरूप गोलीबारी की। इस घटना में एक वाहन क्षतिग्रस्त हुआ, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। इसके विरोध में इटली ने इजरायल के राजदूत को तलब किया था।

तनाव तब और बढ़ गया जब इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने लेबनान में नागरिकों पर इजरायली हमलों को “अस्वीकार्य” बताया। इसके जवाब में इजरायल ने भी कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इटली के राजदूत को तलब किया।

प्रधानमंत्री मेलोनी ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में इस समझौते को जारी रखना राजनीतिक रूप से संभव नहीं है। इस फैसले को इजरायल के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है और इससे दोनों देशों के संबंधों में और खटास आने की संभावना है।

Exit mobile version