शी जिनपिंग से मुलाकात के बाद ट्रंप की ईरान को धमकी: बोले- बायोलॉजिकल हथियारों से हमला किया तो पूरी तरह मिटा देंगे

अमेरिका। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात के कुछ घंटे बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी है। ट्रंप ने दावा किया कि ईरान गैस और जैविक (बायोलॉजिकल) हथियारों के इस्तेमाल पर विचार कर रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिका इस गतिविधि पर नजर रखे हुए है। अगर ईरान ने ऐसे हथियारों से हमला किया तो उसे पूरी तरह मिटा दिया जाएगा।
ट्रंप ने कहा कि कुछ संकेत मिले हैं कि ईरान गैस और जैविक हथियारों से जुड़े विकल्पों पर विचार कर रहा है। उन्होंने इसे बेहद खतरनाक बताते हुए कहा कि अमेरिका इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। ट्रंप ने ईरान के लोगों को भी खतरनाक बताया और चेतावनी दी कि इस तरह का हमला होने पर अमेरिका कड़ी कार्रवाई करेगा। हालांकि, उन्होंने अपने दावे के समर्थन में कोई ठोस सबूत सार्वजनिक नहीं किया।
चीन-रूस से मदद नहीं मांगेंगे
ईरान संघर्ष खत्म कराने के लिए चीन और रूस की मदद लेने के सवाल पर ट्रंप ने कहा कि वह इन देशों से सहायता मांगने नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने अमेरिका के साथ अच्छा व्यवहार किया है। न तो उन्होंने गोलीबारी की और न ही समुद्र में जहाज उतारे हैं। ट्रंप के इस बयान को ईरान के मुद्दे पर अमेरिका की स्वतंत्र रणनीति के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
चीन के साथ रिश्तों को बताया शानदार
ट्रंप ने शी जिनपिंग के साथ अपनी मुलाकात और चीन में हुए स्वागत की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि चीन के साथ उनके संबंध सम्मान पर आधारित हैं और दोनों देशों के बीच रिश्ते बहुत अच्छे हैं। ट्रंप ने चीन में हुई मेहमाननवाजी को अमेरिका के लिए बड़ी जीत बताया।





