ग्लोबल टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित होगा मयाली: सीएम साय

स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के तहत जशपुर को पर्यटन विकास की बड़ी सौगात
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि मयाली आने वाले समय में एक ग्लोबल टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित होगा।
उन्होंने आज भारत सरकार की स्वदेश दर्शन योजना 2.0 की उप-योजना सीबीडीडी के अंतर्गत स्वीकृत मयाली–बगीचा विकास परियोजना का मयाली नेचर कैंप में विधिवत भूमिपूजन किया।
लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से क्रियान्वित इस परियोजना के तहत मयाली, विश्व प्रसिद्ध मधेश्वर पर्वत और बगीचा स्थित कैलाश गुफा क्षेत्र में आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मयाली–बगीचा विकास परियोजना जशपुर जिले के लिए ऐतिहासिक पहल है। मयाली की पहचान सदियों से मधेश्वर महादेव से जुड़ी रही है, जिसे विश्व का सबसे बड़ा प्राकृतिक शिवलिंग माना जाता है।
इस परियोजना के माध्यम से क्षेत्र के धार्मिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक महत्व को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने बताया कि मयाली को समग्र इको-टूरिज्म और एडवेंचर डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। परियोजना के अंतर्गत होम-स्टे, रिसोर्ट, पाथवे, लैंडस्केपिंग और अन्य आधुनिक सुविधाओं का विकास होगा।
मयाली डेम के समीप पर्यटक रिसोर्ट और स्किल डेवलपमेंट सेंटर की स्थापना की जाएगी। राज्य सरकार की होम-स्टे नीति से स्थानीय ग्रामीण परिवार सीधे पर्यटन से जुड़कर आय अर्जित कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर खोलेगी। स्किल डेवलपमेंट सेंटर में टूर गाइड, होटल सेवा, एडवेंचर स्पोर्ट्स, हस्तशिल्प और डिजिटल बुकिंग से जुड़े प्रशिक्षण दिए जाएंगे। इससे पर्यटन के साथ-साथ जशपुर की सामाजिक और सांस्कृतिक विविधताओं को भी पहचान मिलेगी।
परियोजना के तहत 5 पर्यटक कॉटेज, कन्वेंशन हॉल, भव्य प्रवेश द्वार, बाउंड्री वॉल, आधुनिक टॉयलेट, पाथवे और लैंडस्केपिंग का निर्माण किया जाएगा। कैलाश गुफा परिसर और शिव मंदिर क्षेत्र में भी सुविधाओं का विस्तार होगा। परियोजना के पूर्ण होने से जशपुर पर्यटन मानचित्र पर एक नए आकर्षक केंद्र के रूप में उभरेगा।





