StateNews

IMD ने जारी किया 10 राज्याें में हीटवेव का अलर्ट, जम्मू में होगी बर्फबारी

दिल्ली। मौसम विभाग ने शनिवार को 10 राज्यों में तेज गर्मी का अलर्ट और 9 राज्यों में बारिश और तूफान की संभावना जताई है। जम्मू-कश्मीर में शनिवार सुबह बर्फबारी और बारिश हुई। घाटी के बारामूला और श्रीनगर में बर्फबारी और बारिश देखी गई है। गुजरात, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और आंध्र प्रदेश में तेज गर्मी का अलर्ट जारी किया गया है। छत्तीसगढ़ में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। मध्य भारत के छत्तीसगढ़ में अगले 3 दिन में तापमान में 2 डिग्री तक वृद्धि हो सकती है।

जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान सहित 9 राज्यों में बारिश और तूफान की आशंका है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, और बिहार में अगले एक हफ्ते में तेज हवाएं और धूल भरी आंधी चल सकती है। उत्तर-पूर्वी राज्यों में भी बारिश और बिजली का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण कई शहरों में बारिश और ओलावृष्टि हुई। जयपुर, बीकानेर, भरतपुर और अन्य क्षेत्रों में मौसम में बदलाव आया है। 12 जिलों में आज भी आंधी-बारिश का अलर्ट जारी है।

मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा उज्जैन रहेगा गर्म

मध्य प्रदेश के उज्जैन में सबसे ज्यादा गर्मी है, यहां पारा 38 डिग्री तक पहुंच गया है। भोपाल, इंदौर, और जबलपुर में भी तापमान 37 डिग्री के पार है। होली के बाद गर्मी बढ़ने की संभावना है।

हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि हो रही

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के कारण दो दिन से बारिश और ओलावृष्टि हो रही है। हिसार में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे किसानों की फसल को नुकसान हुआ। आज भी बारिश का अलर्ट जारी है। वहीं पंजाब में भी 13 जिलों में बारिश की संभावना है। तेज हवाएं 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलेंगी। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल प्रदेश में निचले इलाके में बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश में पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश हो रही है। लाहौल स्पीति में ताजा बर्फबारी हुई है। मौसम में इस बदलाव के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

छत्तीसगढ़ में आज भी हीट-वेव जैसे रहेंगे हालात 

छत्तीसगढ़ में मार्च महीने में ही गर्मी का असर दिखने लगा है। शुक्रवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। यहां अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं शुक्रवार को बिलासपुर और रायपुर में भी लू जैसे हालात रहे। यहां भी तापमान 40 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया।

Related Articles

Back to top button