बिलासपुर। मस्तूरी गोलीकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांग्रेस नेता अकबर खान और देवेश सुमन उर्फ निक्कु सुमन को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से 3 देसी पिस्टल, 2 कट्टा, 6 मैगजीन, 5 मोबाइल और 13 खाली खोखे बरामद किए हैं।
28 अक्टूबर की शाम मस्तूरी में जनपद उपाध्यक्ष और कांग्रेस नेता नितेश सिंह के ऑफिस के बाहर नकाबपोश हमलावरों ने फायरिंग की थी। इस हमले में नितेश के साथी राजू सिंह और चंद्रभान सिंह घायल हुए थे। पुलिस जांच में सामने आया कि यह हमला जमीन विवाद और राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा था।
मुख्य आरोपी विश्वजीत अनंत और उसके भाइयों ने नितेश सिंह को मारने की साजिश रची थी। उन्होंने नितेश की दिनचर्या का पता लगाकर 28 अक्टूबर की शाम हमला किया। बताया जा रहा है कि पहली बार 25 अक्टूबर को हमले की कोशिश की गई थी, जो विफल रही।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी तारकेश्वर पाटले ने विश्वजीत को एक लाख रुपये दिए थे, जिसे उसने हमले में शामिल साथियों में बांटा था। घटना के बाद पुलिस ने 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को पकड़ने में सफलता पाई।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों पर अब संगठित अपराध धारा 111 BNS के तहत कार्रवाई की जाएगी। घायल राजू सिंह और चंद्रभान सिंह का इलाज जारी है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
