इंटरनेशनल साइबर ठगी गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, शोलापुर से दबोचा गया आरोपी

रायपुर। रायपुर पुलिस को अंतर्राष्ट्रीय साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। अवैध कॉल सेंटर गिरोह के मुख्य मास्टरमाइंड विकास नरेंद्र शुक्ला को महाराष्ट्र के शोलापुर से गिरफ्तार किया गया है।

आरोपी मूलतः अहमदाबाद (गुजरात) का निवासी है और लंबे समय से इस अंतरराज्यीय गिरोह का संचालन कर रहा था।दरअसल, 25 मार्च 2026 को रायपुर पुलिस ने इंटेलिजेंस आधारित ऑपरेशन में शहर के गंज और न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में संचालित तीन अवैध कॉल सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की थी।

इस कार्रवाई में सुपरवाइजर समेत कुल 42 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। मौके से 67 मोबाइल, 18 लैपटॉप, 28 कंप्यूटर सेट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए थे।

पूछताछ में इस पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड के रूप में विकास शुक्ला का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस टीम ने गुजरात, गोवा, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में लगातार दबिश दी और आखिरकार उसे शोलापुर से पकड़ लिया।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी डार्क वेब, स्काइप, लिंक्डइन और टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए अमेरिकी नागरिकों का डेटा हासिल करता था। इसके बाद कॉल सेंटर के माध्यम से लोगों को लोन, क्रेडिट स्कोर सुधार और अन्य सेवाओं का झांसा देकर गिफ्ट कार्ड के जरिए पैसे ठगे जाते थे। वसूली गई रकम को यूएसडीटी के जरिए भारतीय मुद्रा में बदलकर गिरोह के सदस्यों में बांटा जाता था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 मोबाइल फोन, 4 एटीएम कार्ड और एक पैन कार्ड जब्त किया है। खास बात यह है कि विकास शुक्ला पहले भी वर्ष 2019 में पुणे में इसी तरह के अवैध कॉल सेंटर मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई जारी है।

Exit mobile version