अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बस्तर में ‘वृहद महतारी वंदन सम्मेलन–2026: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जारी करेंगे योजना की 25वीं किस्त

69 लाख महिलाओं को मिलेगा लाभ
रायपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च के अवसर पर बस्तर जिले में ‘वृहद महतारी वंदन सम्मेलन–2026’ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और प्रदेश की महिलाओं के खातों में महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त जारी करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। समारोह में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े तथा वन मंत्री केदार कश्यप सहित कई जनप्रतिनिधि, सांसद, विधायक और विभिन्न आयोगों-मंडलों के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य मातृशक्ति का सम्मान, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और महिलाओं की सामाजिक-आर्थिक भागीदारी को मजबूत करना है। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां महिलाओं को शासन की योजनाओं, स्वरोजगार के अवसरों और पोषण संबंधी कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी।
प्रदेश में संचालित महतारी वंदन योजना के तहत 69 लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना की 25वीं किस्त जारी होने के बाद अब तक कुल 16 हजार 237 करोड़ 33 लाख रुपए महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर किए जा चुके होंगे। इस योजना से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहयोग मिल रहा है, जिससे वे परिवार की जरूरतों के साथ बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण पर भी ध्यान दे पा रही हैं।
सम्मेलन के दौरान बस्तर संभाग में आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटी नक्सली महिलाओं के लिए भी विशेष पहल की जाएगी। इन्हें लखपति दीदी योजना के तहत छत्तीसगढ़ महिला कोष से एक-एक लाख रुपए तक का ब्याजमुक्त ऋण दिया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा ‘लक्ष्मी-सखी मिलेट किट’ भी वितरित की जाएगी, जिससे महिलाएं मिलेट आधारित उत्पाद बनाकर स्वरोजगार के जरिए अपनी आय बढ़ा सकेंगी।



