उरला इंडस्ट्रियल एरिया की पोदवाल फैक्ट्री में मची अफरातफरी, टार के रिसाव से आग लगने की आशंका; दमकल की दो गाड़ियों ने पाया काबू
रायपुर। राजधानी के उरला इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पोदवाल टायर फैक्ट्री में सोमवार को भीषण आग लग गई। आग की लपटों के साथ उठते काले धुएं का गुबार दूर से दिखाई देने लगा। घटना के समय फैक्ट्री में मजदूर काम कर रहे थे। आग फैलते ही परिसर में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, टायर निर्माण में इस्तेमाल होने वाले टार के रिसाव से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह की अभी पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित विभाग घटना की जांच कर रहे हैं।
आग लगते ही फैक्ट्री में मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, सोमवार को फैक्ट्री में सामान्य रूप से काम चल रहा था। इसी दौरान आग लग गई। देखते ही देखते धुआं तेजी से फैलने लगा और आसमान में काले गुबार दिखाई देने लगे। आग और धुएं को देखकर फैक्ट्री परिसर में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर फैक्ट्री के दरवाजे बंद कर दिए गए।
घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई। इसके बाद दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया।
नुकसान का आकलन किया जा रहा
फिलहाल आग से फैक्ट्री में हुए नुकसान का आकलन नहीं हो सका है। घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की आधिकारिक जानकारी भी सामने नहीं आई है। टार के रिसाव से आग लगने की आशंका के बीच जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। मामला उरला थाना क्षेत्र का है।
