छत्तीसगढ़ में मार्च का ‘टॉर्चर’: राजनांदगांव में पारा 40°C पहुंचा; बस्तर में आज आंधी-बारिश का अलर्ट, 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मार्च के पहले पखवाड़े ने ही मई-जून जैसी गर्मी का अहसास कराना शुरू कर दिया है।
राजनांदगांव में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को छू गया है, वहीं राजधानी रायपुर समेत मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री ऊपर बना हुआ है। हालांकि, झुलसाती गर्मी के बीच राहत की खबर यह है कि प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में आज से मौसम का मिजाज बदलने वाला है।
बस्तर में तीन दिन बारिश और अंधड़ के आसार
मौसम विभाग (IMD) ने 13, 14 और 15 मार्च को बस्तर संभाग के जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की संभावना है।
हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही से अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, झारखंड में बने एक वेदर सिस्टम और बिहार से उत्तर छत्तीसगढ़ तक फैली ‘ट्रफ लाइन’ के कारण हवाओं का मिलन हो रहा है, जिससे बारिश की स्थिति बन रही है।
राजनांदगांव सबसे गर्म, अंबिकापुर ठंडा
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के तापमान में भारी विरोधाभास देखा गया। राजनांदगांव प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां पारा 40°C दर्ज किया गया। अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, यहां न्यूनतम तापमान 13.7°C रिकॉर्ड किया गया। रायपुर राजधानी में पारा 38 डिग्री के पार है। अगले 24 घंटों में यहां आसमान साफ रहने और हल्की धुंध छाए रहने का अनुमान है।
क्या होती है ‘ट्रफ लाइन’ जो ला रही है बारिश?
मौसम विज्ञान के अनुसार, ट्रफ लाइन कम दबाव की एक लंबी पट्टी होती है। इसकी वजह से अलग-अलग दिशाओं से नमी वाली हवाएं इस क्षेत्र की ओर खिंचती हैं और ऊपर उठकर बादलों का निर्माण करती हैं। छत्तीसगढ़ के संदर्भ में यह सिस्टम बस्तर और आसपास के इलाकों में राहत की फुहारें ला सकता है।





