मराठी भाषा विवाद: ठाणे में MNS नेता और कार्यकर्ता हिरासत में

मुंबई। महाराष्ट्र में मराठी भाषा को लेकर बढ़ते विवाद के बीच मंगलवार सुबह महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के नेता अविनाश जाधव और कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने ठाणे में हिरासत में ले लिया। जाधव और उनके समर्थक ठाणे के भायंदर इलाके में हिंदी भाषी व्यापारियों के विरोध में रैली निकालने जा रहे थे, जिसकी पुलिस ने पहले ही अनुमति नहीं दी थी। पुलिस ने सुबह करीब 3:30 बजे जाधव को उनके घर से उठाया और अन्य कार्यकर्ताओं को नजरबंद कर दिया।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब 1 जुलाई को भायंदर में एक गुजराती दुकानदार को मराठी में बात न करने पर MNS कार्यकर्ताओं ने पीटा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें कार्यकर्ता दुकानदार को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। इसके विरोध में व्यापारियों ने प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रैली पर रोक लगाई थी। DCP प्रकाश गायकवाड़ ने अविनाश जाधव के भायंदर में प्रवेश पर एक दिन की पाबंदी लगा दी थी। उन्होंने बताया कि जाधव पर पहले से 28 आपराधिक मामले दर्ज हैं और उनकी मौजूदगी से माहौल बिगड़ सकता है।
इस विवाद के बाद मराठी भाषा को लेकर राज्य में राजनीति गर्म हो गई। मुंबई में 5 जुलाई को आयोजित ‘मराठी विजय रैली’ में राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे 20 साल बाद एक मंच पर दिखे। राज ठाकरे ने कहा कि मराठी भाषा ज़रूरी है, लेकिन मारपीट और उसका वीडियो बनाना सही तरीका नहीं है।