मकर संक्रांति: प्रयागराज में 21 लाख श्रद्धालुओं ने लिया स्नान, PM ने गायों को चारा खिलाया, गुजरात-राजस्थान में दो दिनों में 13 की मौत

दिल्ली। देशभर में गुरुवार को मकर संक्रांति का पर्व धूमधाम से मनाया गया। प्रमुख नदियों के तटों पर श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया। प्रयागराज के संगम में सुबह 9 बजे तक 21 लाख श्रद्धालु स्नान कर चुके थे। आज माघ मेले में डेढ़ करोड़ श्रद्धालु पहुंचने का अनुमान है। वाराणसी के गंगा घाट और पश्चिम बंगाल के गंगासागर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई।
स्नान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। प्रयागराज माघ मेले में करीब 10 हजार पुलिसकर्मी तैनात थे। एटीएस, पीएसी, आरएएफ और होमगार्ड के जवानों के साथ ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही थी।
गुजरात और राजस्थान में मकर संक्रांति पर पतंगबाजी के दौरान हादसों की खबरें भी सामने आईं। पिछले दो दिनों में गुजरात में 9 और राजस्थान में 4 लोगों की मौत हुई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर दुर्लभ पुंगनूर नस्ल की गायों को हरा चारा खिलाया। उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में तिल के तेल से भगवान महाकाल का अभिषेक हुआ। भस्म आरती में तिल चढ़ाए गए और तिल के लड्डुओं का भोग लगाया गया।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में खिचड़ी चढ़ाकर मकर संक्रांति का शुभारंभ किया। तमिलनाडु में पोंगल उत्सव और जल्लीकट्टू का आयोजन हुआ, जबकि कोयंबटूर एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी में स्टूडेंट्स ने गायों की पूजा कर उत्सव मनाया। कांचीपुरम में गन्ने से बने 21 फीट ऊंचे रथ का प्रदर्शन किया गया।
अयोध्या, वाराणसी और गाजीपुर में भी श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। सभी जगह लोगों ने पर्व की धार्मिक परंपराओं का पालन किया और सामाजिक उत्साह का आनंद लिया।





