StateNewsदेश - विदेश

अमेरिका का ईरान पर बड़ा हमला: मशहद एयरपोर्ट पर भारतीय राहत सामग्री लाने वाला विमान तबाह

दिल्ली। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी भीषण संघर्ष के 31वें दिन एक बेहद गंभीर घटना सामने आई है। ईरान के मशहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर खड़े ‘महान एयर’ (Mahan Air) के एक नागरिक विमान को अमेरिकी हवाई हमले में निशाना बनाया गया। यह विमान भारत से दवाइयां और महत्वपूर्ण राहत सामग्री लाने के लिए नई दिल्ली रवाना होने वाला था।

ईरानी सूत्रों और मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, क्षतिग्रस्त विमान को 1 अप्रैल 2026 की सुबह 4 बजे दिल्ली पहुंचना था। इस मिशन का उद्देश्य युद्धग्रस्त क्षेत्र के लिए भारत से आपातकालीन चिकित्सा उपकरण और जीवनरक्षक दवाएं ले जाना था। अमेरिकी स्ट्राइक के कारण यह मानवीय सहायता अभियान पूरी तरह बाधित हो गया है।

ईरान की तीखी प्रतिक्रिया: ‘युद्ध अपराध’ करार

ईरान के नागरिक उड्डयन संगठन और भारत में स्थित ईरानी दूतावास ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। ईरान ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन और युद्ध अपराध करार दिया है।

ईरान ने शिकागो कन्वेंशन (1944) और मॉन्ट्रियल कन्वेंशन (1971) का हवाला देते हुए कहा कि नागरिक विमानों पर हमला एक अंतरराष्ट्रीय अपराध है। दूतावास के अनुसार, अनुच्छेद 52 के तहत मानवीय सहायता से जुड़ी नागरिक वस्तुओं को निशाना बनाना सीधे तौर पर युद्ध अपराध की श्रेणी में आता है।

वैश्विक संस्थाओं से अपील

हालांकि अमेरिका ने अभी तक इस हमले पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन महान एयरलाइंस लंबे समय से अमेरिकी प्रतिबंधों की सूची में रही है। ईरान ने अंतरराष्ट्रीय निकायों से इस घटना की तत्काल निष्पक्ष जांच करने और दोषियों पर मुकदमा चलाने की मांग की है।

यह घटना न केवल खाड़ी क्षेत्र में तनाव को चरम पर ले गई है, बल्कि भविष्य में नागरिक उड्डयन और अंतरराष्ट्रीय मानवीय सहायता की सुरक्षा पर भी बड़े सवालिया निशान लगा दिए हैं।

Related Articles

Back to top button