पुणे। पुणे पुलिस ने रविवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तुलापुर गांव में चल रही लेट नाइट पार्टी पर छापा मारा। यह कार्रवाई देर रात की गई, जब पुलिस को सूचना मिली कि निर्धारित समय सीमा के बाद भी वहां पार्टी जारी है और नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। छापे के दौरान पुलिस ने मौके से नशे से जुड़ा सामान, शराब और अन्य सामग्री जब्त की।
पुलिस के अनुसार, मौके से लगभग 3 ग्राम गांजा, 10 प्रतिबंधित हुक्का फ्लेवर और 3 कंटेनर शराब बरामद किए गए। इसके अलावा पार्टी में इस्तेमाल की जा रही अन्य सामग्री भी जब्त की गई है। पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 85 लाख रुपये बताई जा रही है, हालांकि इसकी विस्तृत जांच अभी जारी है।
छापे के समय पार्टी में कुल 156 लोग मौजूद थे, जिनमें 107 पुरुष और 49 महिलाएं शामिल थीं। हैरानी की बात यह रही कि इनमें से तीन लोग 21 वर्ष से कम उम्र के पाए गए, जिससे नाबालिगों की मौजूदगी पर भी सवाल उठे हैं। सभी से पूछताछ की जा रही है और आयोजकों की पहचान की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पार्टी के लिए शराब परोसने की अनुमति रात 11:30 बजे तक ही थी, लेकिन इसके बाद भी कार्यक्रम बिना रोक-टोक जारी रखा गया। इसी नियम उल्लंघन को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई की।
फिलहाल पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अवैध आयोजनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे और युवाओं को नशे के गलत प्रभाव से बचाया जा सके।
