शिवनाथ नदी में अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई: खनिज विभाग ने 3 चैन माउंटेन मशीनें जब्त कीं

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ खनिज विभाग का अभियान लगातार तेज हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेशभर में खनन क्षेत्रों की निगरानी बढ़ा दी गई है। केंद्रीय उड़नदस्ता और जिला स्तरीय जांच दल लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। इसी कड़ी में बिलासपुर जिले में शिवनाथ नदी में अवैध उत्खनन करते हुए तीन चैन माउंटेन मशीनें जब्त की गई हैं।

खनिज विभाग के सचिव और संचालक के निर्देश पर केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने देर रात बिलासपुर जिले में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पचपेड़ी तहसील के ग्राम उदईबंध और अमलडीहा क्षेत्र में शिवनाथ नदी के भीतर मशीनों के जरिए अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा था।

टीम के पहुंचते ही मशीन ऑपरेटर मौके से फरार हो गए। अधिकारियों ने मौके पर तीन चैन माउंटेन मशीनें अवैध उत्खनन में संलग्न पाईं। इसके बाद खनिज विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मशीनों को जब्त कर सील कर दिया।

विभाग ने खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई की है। इनमें ग्राम उदईबंध में दो और अमलडीहा में एक मशीन जब्त की गई। साथ ही संबंधित पक्षों को जवाब प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी कर मशीनों के मुख्य द्वार पर चस्पा किया गया है।

खनिज विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शासन को राजस्व नुकसान पहुंचाने वाली अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभागीय अमला लगातार खनन क्षेत्रों में निगरानी कर रहा है और अवैध उत्खनन की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जा रही है। प्रदेश सरकार ने साफ संकेत दिए हैं कि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।

Exit mobile version