नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 18.70 लाख के चिट्टा के साथ चार आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 91.9 ग्राम हीरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 18 लाख 70 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस के अनुसार यह नशीला पदार्थ पंजाब से लाकर दुर्ग और भिलाई क्षेत्र में खपाया जा रहा था।

पुलिस को लगातार जामुल इलाके में बाहरी राज्यों से मादक पदार्थ लाकर बेचने की सूचना मिल रही थी। इसी बीच मुखबिर से खबर मिली कि हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र के एक किराए के मकान में हीरोइन चिट्टा की बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही जामुल पुलिस ने टीम बनाकर मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर चारों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 91.9 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पंजाब के अमृतसर से हीरोइन लाकर भिलाई और आसपास के क्षेत्रों में बेचते थे। इस नेटवर्क के जरिए लंबे समय से नशे का कारोबार संचालित किया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 31 हजार रुपए नगद भी जब्त किए हैं, जिसे नशे के कारोबार से जुड़ी रकम माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है।

दुर्ग पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।

Exit mobile version