दिल्ली। देश की प्रमुख विमानन कंपनी एअर इंडिया में बड़े प्रशासनिक बदलाव की घोषणा की गई है। कंपनी के पूर्व चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर (CMD) और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के पूर्व सचिव प्रदीप सिंह खरोला की एअर इंडिया में वापसी हुई है। उन्हें एअर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन का कार्यकारी सलाहकार नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही वह कंपनी की मैनेजमेंट कमेटी के पूर्णकालिक सदस्य भी बन गए हैं।
एअर इंडिया के सीईओ और प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन ने कर्मचारियों को भेजे एक आंतरिक संदेश में इस नियुक्ति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खरोला का लंबा प्रशासनिक और विमानन अनुभव कंपनी के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा, खासकर ऐसे समय में जब एअर इंडिया कई चुनौतियों का सामना कर रही है।
प्रदीप सिंह खरोला का एअर इंडिया से पुराना संबंध रहा है। वह वर्ष 2017 से 2019 तक सरकारी नियंत्रण वाली एअर इंडिया के CMD रह चुके हैं। इसके बाद नागरिक उड्डयन सचिव के रूप में उन्होंने एअर इंडिया के निजीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। विमानन क्षेत्र में उनके अनुभव और नीतिगत समझ को देखते हुए उनकी वापसी को रणनीतिक कदम माना जा रहा है।
जनवरी 2022 में टाटा समूह द्वारा अधिग्रहण के बाद एअर इंडिया अपने बेड़े के आधुनिकीकरण, सेवा सुधार और वित्तीय पुनर्गठन पर काम कर रही है। हालांकि कंपनी अभी भी घाटे और परिचालन चुनौतियों से जूझ रही है। हाल ही में सीईओ कैंपबेल विल्सन ने भी अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की है और आने वाले महीनों में कंपनी छोड़ेंगे।
ऐसे में नए नेतृत्व के संक्रमण काल को सुचारू बनाने के लिए खरोला की नियुक्ति को अहम माना जा रहा है। टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन के नेतृत्व में एअर इंडिया लागत कम करने और परिचालन दक्षता बढ़ाने के लिए कई कदम उठा रही है। कंपनी ने हाल के दिनों में कुछ रूटों में कटौती और खर्च नियंत्रण से जुड़े फैसले भी लिए हैं।
