StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 11 IAS अफसरों का तबादला, 6 जिलों के कलेक्टर बदले

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 11 IAS अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस फेरबदल में 6 जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) की ओर से जारी आदेश के अनुसार सरगुजा, कोरबा, दंतेवाड़ा, सुकमा, बेमेतरा और नारायणपुर जिलों में नए कलेक्टरों की नियुक्ति की गई है। इसके साथ ही निर्वाचन और स्वास्थ्य विभाग समेत नगर निगम स्तर पर भी अहम बदलाव किए गए हैं।

आदेश के तहत कलेक्टर भोसकर विलास को अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। वहीं अब तक कोरबा जिले के कलेक्टर रहे अजीत वसंत को अस्थायी रूप से सरगुजा जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। दंतेवाड़ा के कलेक्टर कुणाल दुदावत को कोरबा जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह सुकमा के कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव को ट्रांसफर कर दंतेवाड़ा का नया कलेक्टर बनाया गया है।

बेमेतरा और नारायणपुर जिलों में भी कलेक्टर बदले गए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रतिष्ठा ममगाई को नारायणपुर से हटाकर बेमेतरा का कलेक्टर नियुक्त किया है। वहीं रायपुर में पदस्थ नम्रता जैन को नारायणपुर जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है। इसी क्रम में नगर निगम बिलासपुर के आयुक्त अमित कुमार को हटाकर सुकमा जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। उनकी जगह प्रकाश कुमार सर्वे को नगर निगम बिलासपुर का नया आयुक्त बनाया गया है।

स्वास्थ्य विभाग में भी बदलाव हुआ है। बेमेतरा के कलेक्टर रहे रणबीर शर्मा को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) का प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है। इसके बाद संजीव कुमार झा को एनएचएम के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।

इसके अलावा जिला पंचायत और मंत्रालय स्तर पर भी तबादले किए गए हैं। गजेन्द्र सिंह ठाकुर को जिला पंचायत धमतरी का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है, जबकि रोमा श्रीवास्तव को धमतरी जिला पंचायत से हटाकर मंत्रालय में उप सचिव पद पर पदस्थ किया गया है। प्रशासनिक फेरबदल को सरकार की सक्रियता और कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button