CGST-कस्टम्स में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, सैकड़ों अधिकारियों का तबादला

रायपुर। राजधानी रायपुर सहित देशभर में CGST और कस्टम्स विभाग में बड़े पैमाने पर तबादले किए गए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल में सहायक आयुक्त स्तर के 669 अधिकारियों का पदोन्नति के साथ स्थानांतरण किया गया है। यह आदेश CBIC द्वारा जारी किया गया है।
भारत सरकार के अवर सचिव शिरीश कुमार गौतम के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी संबंधित अधिकारियों को 10 अप्रैल तक अपनी नई पदस्थापना पर ज्वाइन करना अनिवार्य होगा। इस तबादले का असर CGST, कस्टम्स, DGGI और DRI की विभिन्न शाखाओं पर पड़ेगा।
इसके अलावा, भोपाल क्षेत्र में भी अलग से तबादला आदेश जारी किए गए हैं। फराज अहमद कुरेशी (एडिशनल कमिश्नर) के हस्ताक्षर से 20 सहायक आयुक्तों और 198 अधीक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फैसले को विभागीय कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
जानकारों के मुताबिक, इस तरह के बड़े स्तर पर तबादले से विभाग में कार्यक्षमता बढ़ाने, पारदर्शिता लाने और प्रशासनिक संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है। साथ ही, पदोन्नति के साथ स्थानांतरण से अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के साथ काम करने का अवसर भी मिलता है। फिलहाल सभी अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर नई जगह पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।





