सीएम हेल्पलाइन शिकायत पर बड़ी कार्रवाई: रायपुर में 90 ट्रैक्टर और 80 हाईवा अवैध रेत जब्त, तीन वाहन सीज

रायपुर। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में मिली शिकायत के आधार पर रायपुर जिले में रेत के अवैध कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खनिज और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने आरंग विकासखंड के कई क्षेत्रों में जांच अभियान चलाकर बड़े पैमाने पर किए गए अवैध रेत भंडारण का खुलासा किया।

कार्रवाई के दौरान समोदा, कुरूद, मोहमेला और कुटेला क्षेत्रों में जांच की गई। इस दौरान ग्राम कुटेला-चिखली मुख्य मार्ग के किनारे प्रस्तावित तालाब क्षेत्र की शासकीय भूमि पर बिना अनुमति के बड़ी मात्रा में रेत का भंडारण पाया गया। जांच टीम के अनुसार मौके पर करीब 90 ट्रैक्टर और 80 हाईवा रेत का अवैध भंडारण मिला, जिसे जब्त कर लिया गया।

प्रशासन ने ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में जब्ती की कार्रवाई पूरी की। इसके अलावा अवैध रेत भंडारण स्थल तक पहुंचने के लिए बनाए गए रैंप मार्ग को जेसीबी मशीन की मदद से काटकर बंद कर दिया गया, ताकि भविष्य में दोबारा इस तरह की गतिविधियां संचालित न हो सकें।

कार्रवाई के दौरान अवैध रेत परिवहन और भंडारण में उपयोग किए जा रहे तीन वाहनों को भी जब्त किया गया। जब्त वाहनों को आरंग थाना के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं संबंधित भंडारणकर्ता को नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन के अनुसार यह कार्रवाई सुशासन तिहार 2026 के दौरान प्राप्त शिकायतों और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज मामले के आधार पर की गई है। अवैध रेत खनन, परिवहन और भंडारण पर खनन एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई दल में सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव, नायब तहसीलदार गजानंद सिदार सहित खनिज और राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और खनिज माफिया के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को रोकने के लिए ऐसी कार्रवाई लगातार की जाएगी।

Exit mobile version