ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बिलासपुर-कटनी रेल रूट पर बड़ा हादसा टला: कोयले से भरी मालगाड़ी के 25 डिब्बे अलग, सूझबूझ से बची अनहोनी

बिलासपुर(बिपत सारथी)। बिलासपुर-कटनी रेल रूट पर एक बड़ा हादसा टल गया, जब कोयले से लदी मालगाड़ी के 25 डिब्बे अचानक इंजन से अलग हो गए। यह घटना वेंकटनगर-खैरझीटी रेलवे लाइन के बीच, खैरझीटी स्कूल के पास हुई, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि मालगाड़ी अपने निर्धारित मार्ग पर चल रही थी, तभी अचानक कपलिंग टूटने से 25 डिब्बे इंजन से अलग हो गए। गनीमत रही कि लोको पायलट ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए, जिससे ट्रेन समय रहते रुक गई और एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे का तकनीकी अमला मौके पर पहुंचा और हालात का जायजा लिया। मौके पर खड़ी मालगाड़ी, अलग हुए डिब्बे और जांच करते रेलकर्मियों का दृश्य देखने को मिला। तकनीकी टीम ने जांच के बाद सभी डिब्बों को सुरक्षित तरीके से दोबारा जोड़ा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यदि समय रहते ट्रेन नहीं रोकी जाती, तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। खासतौर पर ढलान या गति अधिक होने की स्थिति में डिब्बों के अनियंत्रित होने का खतरा रहता है।

मरम्मत और जांच के बाद मालगाड़ी को फिर से गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। फिलहाल कपलिंग टूटने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। रेलवे प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।

Related Articles

Back to top button