ChhattisgarhStateNews

रायपुर के गोदावरी इस्पात फैक्ट्री में बड़ा हादसा: 6 मजदूरों की मौत, 6 मलबे में दबे होने की आशंका

रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। गोदावरी इस्पात फैक्ट्री (Godavari Ispat Factory) में अचानक छत गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 6 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना धरसींवा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक हादसे के समय प्लांट में बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे। अचानक छत भरभराकर गिर गई और मजदूर मलबे में दब गए। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने शोर मचाकर लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन भारी मलबा गिरने से कई मजदूर वहीं फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा।

रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए अतिरिक्त बल बुलाया गया है। बचाव दल लगातार मलबा हटाने का काम कर रहा है। स्थानीय लोगों की मदद से कई मजदूरों को बाहर निकाला गया है। घायलों को देवेंद्र नगर स्थित निजी अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों की शिनाख्त की जा रही है।

हादसे की खबर मिलते ही प्लांट के बाहर मजदूरों और परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। लोग प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। वहीं प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

Related Articles

Back to top button