दुर्ग गैंगरेप केस: सांसद के पूर्व-पीए समेत 2 आरोपियों ने किया सरेंडर, सभी 6 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नाबालिग से सात वर्षों तक चले सामूहिक दुष्कर्म मामले में फरार दो आरोपियों ने 13 फरवरी को कोर्ट में सरेंडर कर दिया।

इनमें बीएन पांडेय, जो दुर्ग सांसद विजय बघेल के पूर्व पीए बताए जा रहे हैं, और संजय पंडित शामिल हैं। इससे पहले पुलिस चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। अब इस मामले के सभी छह आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा के अनुसार, दोनों आरोपी लंबे समय से फरार थे और पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। बढ़ते दबाव के चलते उन्होंने अदालत में आत्मसमर्पण किया। पुलिस अब रिमांड लेकर सभी पहलुओं पर गहन पूछताछ की तैयारी कर रही है।

पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2018 में वह अपनी मां के साथ बिलासपुर से दुर्ग आई थी। मां के काम पर जाने के दौरान कथित रूप से सरकारी क्वार्टर में उसके साथ दुष्कर्म की घटनाएं शुरू हुईं। बाद में नौकरी का झांसा देकर उसे पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, सर्किट हाउस और अन्य स्थानों पर बुलाया गया।

आरोप है कि बीएन पांडेय ने नौकरी लगवाने में मदद की और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर शोषण किया। संजय पंडित पर होटल और रेस्ट हाउस की व्यवस्था कर दुष्कर्म में सहयोग का आरोप है।

पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version