StateNewsदेश - विदेश

नासिक TCS केस में मुख्य आरोपी निदा खान हिरासत में: यौन उत्पीड़न और धर्मांतरण के आरोप, अब तक 9 FIR दर्ज

दिल्ली। महाराष्ट्र के नासिक स्थित TCS ऑफिस में कथित यौन उत्पीड़न और जबरन धर्म परिवर्तन मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी निदा खान को गुरुवार रात छत्रपति संभाजीनगर से हिरासत में लिया। नासिक पुलिस की SIT टीम इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

इससे पहले 2 मई को नासिक कोर्ट ने निदा खान की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। कोर्ट में सरकारी पक्ष ने कहा था कि आरोप गंभीर हैं और पूछताछ के लिए आरोपी का कस्टडी में होना जरूरी है। पुलिस के मुताबिक, निदा लंबे समय से फरार चल रही थी।

मामले में अब तक 9 FIR दर्ज की जा चुकी हैं। शिकायतों में महिला कर्मचारियों ने ऑफिस के भीतर यौन उत्पीड़न, धार्मिक भावनाएं आहत करने और धर्म परिवर्तन के लिए मानसिक दबाव डालने के आरोप लगाए हैं। SIT ने अब तक एक महिला ऑपरेशन मैनेजर समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

FIR के मुताबिक, आरोपी नई जॉइन करने वाली 18 से 25 साल की महिला कर्मचारियों को निशाना बनाते थे। शिकायतों में आरोप है कि महिलाओं पर बुर्का पहनने, नमाज पढ़ने और नॉनवेज खाने का दबाव बनाया जाता था। कुछ मामलों में शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में ब्लैकमेल करने के आरोप भी लगे हैं।

पीड़ित महिलाओं ने आरोप लगाया कि ऑफिस में अश्लील टिप्पणियां, आपत्तिजनक इशारे और छेड़छाड़ की घटनाएं लगातार होती थीं। साथ ही हिंदू देवी-देवताओं को लेकर अपमानजनक बातें कही जाती थीं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया था, जहां कथित तौर पर महिला कर्मचारियों को “टारगेट” करने की चर्चा होती थी। पुलिस डिजिटल सबूतों की भी जांच कर रही है।

कंपनी ने मामले पर बयान जारी कर कहा है कि वह किसी भी प्रकार के उत्पीड़न और जबरदस्ती के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम करती है।

Related Articles

Back to top button