मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव की पुण्यतिथि पर उन्हें किया नमन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर के महान जननायक और अंतिम काकतीय राजा महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव की पुण्यतिथि (25 मार्च) के मौके पर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि महाराजा भंजदेव न केवल बस्तर के गौरव थे, बल्कि जनजातीय समाज के अधिकारों, अस्मिता और आत्मसम्मान के लिए उनकी आवाज़ हमेशा सुनाई देती रही।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव ने बस्तर की जल, जंगल और ज़मीन के संरक्षण के साथ-साथ आदिवासी समाज के हक और सम्मान के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका आदिवासी समुदाय से गहरा संबंध था और वे उनके संघर्ष और स्वाभिमान के प्रतीक बने।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महाराजा भंजदेव का जीवन और विचार आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनके द्वारा किए गए संघर्ष और बलिदान हमें परंपराओं और मूल्यों की रक्षा करते हुए जनजातीय समाज के समग्र विकास की दिशा में सतत प्रयास करने की प्रेरणा देते हैं।