ChhattisgarhStateNews

महिला दिवस पर नारी शक्ति का महोत्सव, रायपुर में होगा भव्य महतारी वंदन सम्मेलन

रायपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) के मौके पर रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में भव्य महतारी वंदन सम्मेलन और राज्य स्तरीय महिला मड़ई का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह इसकी अध्यक्षता करेंगे। कई कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक और गणमान्य अतिथि भी इसमें शामिल होंगे। महतारी वंदन योजना के सफल एक साल पूरे होने पर 70 लाख महिलाओं को 13वीं किश्त का भुगतान किया जाएगा। अब तक इस योजना से 7,838 करोड़ रुपये की राशि महिलाओं तक पहुंचाई जा चुकी है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री साय इस मौके पर “सम्मान सुविधा प्रणाली” लॉन्च करेंगे, जिससे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को उनके वेतन का भुगतान डिजिटल माध्यम से होगा। फेशियल रिकग्निशन सिस्टम से उपस्थिति दर्ज होगी और सीधे उनके खाते में मानदेय पहुंचेगा। संकटग्रस्त महिलाएं अब ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकेंगी। “सखी वन स्टॉप सेंटर” की मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) लागू करने वाला छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बनेगा। बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान, इंफ्रा पोर्टल और स्थापना पोर्टल का भी शुभारंभ होगा।
उद्यमशील महिलाओं के लिए महिला मड़ई
4 से 8 मार्च तक राज्य स्तरीय महिला मड़ई का आयोजन हो रहा है, जिसमें 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। यहां महिला स्व-सहायता समूहों और महिला उद्यमियों द्वारा बनाए गए उत्पादों की बिक्री होगी। इस भव्य आयोजन में पूरे प्रदेश से 50,000 से अधिक महिलाएं शामिल होंगी, जिससे महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी।

आयुष्मान कार्ड: 1 करोड़ 20 लाख महिलाओं को स्वास्थ्य सुरक्षा
– छत्तीसगढ़ सरकार के प्रयासों से अब तक 1 करोड़ 20 लाख से ज्यादा महिलाओं को आयुष्मान कार्ड मिल चुके हैं। – सरकार हर महीने 1 लाख से ज्यादा महिलाओं का पंजीकरण कर रही है, जिससे वे निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं पा सकेंगी।

– ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध: “आयुष्मान भारत” ऐप से खुद भी कार्ड बनवा सकते हैं। राशन कार्ड से जोड़कर महिलाओं का पंजीकरण तेज: राज्य में महिलाओं की भागीदारी 44% से अधिक हो चुकी है।

मुख्यमंत्री ने दी महिला दिवस की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री साय ने सभी माताओं, बहनों और बेटियों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “महिला सशक्तिकरण से ही समृद्ध छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव है।” महतारी वंदन योजना के तहत हर साल ₹12,000 की सहायता दी जा रही है। 7 नए वर्किंग वूमेन हॉस्टल बनाने के लिए 79 करोड़ का बजट रखा गया है। महिला स्व-सहायता समूहों को मजबूत कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त की जा रही है। मुख्यमंत्री ने सभी से अपील की कि महिलाओं को समान अवसर, सुरक्षा और सम्मान मिले, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और देश की प्रगति में भागीदार बनें।

Related Articles

Back to top button