महतारी वंदन योजना: महिलाओं की आत्मनिर्भरता की नई रोशनी

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ की धरती पर आज महिला सशक्तिकरण का एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बस्तर दशहरा एवं मुरिया दरबार के अवसर पर माई दंतेश्वरी की पावन भूमि से महतारी वंदन योजना की 20वीं किस्त जारी की। इस अवसर पर उन्होंने 64 लाख 94 हजार 768 हितग्राही महिलाओं के बैंक खातों में 606 करोड़ 94 लाख रुपये की राशि अंतरित की।
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मोदी की गारंटी’ के रूप में शुरू की गई यह योजना छत्तीसगढ़ की बहनों के जीवन में नई रोशनी लेकर आई है। उन्होंने इसे केवल आर्थिक सहायता नहीं बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को बढ़ाने वाला ऐतिहासिक कदम बताया। शाह ने कहा कि जिस पारदर्शिता और प्रतिबद्धता से छत्तीसगढ़ सरकार ने इस योजना को लागू किया है, वह पूरे देश के लिए एक आदर्श है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना ने महिलाओं के जीवन में आत्मसम्मान और आत्मविश्वास की नई ऊर्जा जगाई है। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं को न केवल आर्थिक सहयोग दे रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर समाज और परिवार में नई पहचान भी दिला रही है। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश सरकार की महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की प्राथमिकता का प्रमाण बताया।
गौरतलब है कि महतारी वंदन योजना की शुरुआत 1 मार्च 2024 को हुई थी। इस योजना के अंतर्गत 21 वर्ष से अधिक आयु की विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। अब तक 19 किस्तों में 12,376 करोड़ 19 लाख रुपये वितरित किए जा चुके हैं। आज की 20वीं किस्त जारी होने के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 12,983 करोड़ 13 लाख रुपये से अधिक हो गया है।