ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

महासमुंद की नवलीन कौर ने तीरंदाजी में पाई बड़ी सफलता, नेशनल गेम्स में चुनी गईं

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद की रहने वाली नवलीन कौर ने तीरंदाजी में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने नेशनल गेम्स के लिए जगह बना ली है। इससे पहले फरवरी 2025 में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उन्होंने गोल्ड मेडल जीता था। नवलीन बचपन से ही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझती रहीं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और तीरंदाजी को अपना जीवन बना लिया।

नवलीन का जन्म गर्भावस्था के सातवें महीने में हुआ था, जिससे शुरू में उन्हें कई स्वास्थ्य समस्याएं रहीं। लेकिन उन्होंने इन्हीं चुनौतियों को अपनी ताकत बनाया। उन्होंने 2018 में बागबाहरा के पास बिहाझर बालाश्रम से तीरंदाजी की शुरुआत की। नवलीन महासमुंद की पहली महिला तीरंदाज बनीं। स्कूली पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने दो बार राज्य स्तरीय और एक बार राष्ट्रीय स्तर पर चौथा स्थान पाया।

2023 में उन्होंने गुजरात में हुई एफजीएफआई प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया और राज्य स्तरीय सीनियर प्रतियोगिता में दूसरा स्थान पाया। अब वह कंपाउंड बो से अभ्यास कर रही हैं और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करना चाहती हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवलीन को बधाई दी और कहा कि वह छत्तीसगढ़ की प्रेरणा हैं।

Related Articles

Back to top button