StateNewsदेश - विदेश

महाराष्ट्र निकाय चुनाव: NDA को 207 सीटों पर जीत

मुंबई। महाराष्ट्र निकाय चुनाव में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन (NDA) को बड़ी सफलता मिली है। 288 सीटों (246 नगर परिषद और 42 नगर पंचायत) के नतीजों में महायुति ने 207 सीटों पर कब्जा किया। भाजपा 117 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी, जबकि एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 53 और NCP अजित गुट को 37 सीटें मिलीं। विपक्षी महा विकास अघाड़ी (MVA) गठबंधन सिर्फ 44 सीटों तक सीमित रहा।

गढ़चिरौली के वार्ड नंबर 4 में भाजपा प्रत्याशी संजय मंडवगड़े मात्र एक वोट से हार गए। 716 वोटों के मुकाबले कांग्रेस प्रत्याशी श्रीकांत देशमुख को 717 वोट मिले। चुनाव दो चरणों में हुए थे। पहले चरण में 2 दिसंबर को 263 निकायों में मतदान हुआ और बाकी 23 नगर परिषदों व कुछ खाली पदों पर 20 दिसंबर को वोटिंग हुई।

धुले की डोंडाइचा नगर परिषद, सोलापुर की उंगर नगर पंचायत और जलगांव जिले की जामनेर नगर परिषद में अध्यक्ष और सदस्यों का चुनाव निर्विरोध हुआ। भाजपा ने इन सभी में जीत दर्ज की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतदाताओं का धन्यवाद किया और इसे विकास पर जनता के भरोसे से जोड़ा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि 2017 में 1602 पार्षद थे, अब संख्या 3325 हो गई है। महायुति के तौर पर 215 नगरपालिकाएं जीती गई हैं। वहीं, शिवसेना (उद्धव) सांसद संजय राउत ने चुनाव में पैसों की बारिश और अनुचित तरीकों पर आपत्ति जताई।

पुणे जिले के जेजुरी मंदिर में NCP अजित गुट के जश्न के दौरान गुलाल से आग भड़क गई, जिसमें 5-6 लोग झुलस गए। जय पाटिल ने बारामती नगर परिषद में लगातार चौथी बार जीत दर्ज की।

Related Articles

Back to top button