दिल्ली। श्री पंच अग्नि अखाड़े के महामंडलेश्वर और कथावाचक उत्तम स्वामी पर राजस्थान की एक युवती ने दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने 12 फरवरी को दिल्ली पुलिस कमिश्नर को ई-मेल भेजकर अपनी सुरक्षा की मांग की है और आरोप लगाया है कि शिकायत दर्ज कराने की जानकारी मिलते ही उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं।
युवती का कहना है कि आरोपी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से उससे संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि उनके करीबी लोग समझौते का दबाव बना रहे हैं। ई-मेल में उसने लिखा कि उसके और परिवार से जुड़ी निजी जानकारी पर नजर रखी जा रही है, जिससे उसे गंभीर खतरा महसूस हो रहा है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब वह नाबालिग थी, तभी से धर्म और आस्था की आड़ में उसका यौन शोषण किया गया। विरोध करने पर उसे डराया-धमकाया गया और आरोपी के प्रभाव के कारण वह लंबे समय तक शिकायत दर्ज नहीं करा सकी। उसने दावा किया कि उसके पास आरोपों से जुड़े सबूत हैं और उसे आशंका है कि आरोपी के प्रभाव से साक्ष्यों से छेड़छाड़ की जा सकती है।
ई-मेल में युवती ने तत्काल 24×7 पुलिस सुरक्षा देने, उसकी पहचान गोपनीय रखने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की है। उसने यह भी कहा कि आरोपी के बड़े अनुयायी वर्ग और प्रभाव के कारण गवाहों को प्रभावित करने तथा सबूत नष्ट करने का खतरा है।
मामले को लेकर मध्य प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस नेताओं ने सोशल मीडिया पर जांच और कार्रवाई की मांग की है, हालांकि अब तक भाजपा या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस की तरफ से भी फिलहाल औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
