बस्तर बाढ़ में मध्यप्रदेश का सहयोग: 5 करोड़ की सहायता और राहत सामग्री भेजी, छत्तीसगढ़ ने जताया आभार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में आई भीषण बाढ़ ने जन-धन का भारी नुकसान किया है। इस कठिन समय में मध्यप्रदेश सरकार मदद के लिए आगे आई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घोषणा की कि पड़ोसी राज्य होने के नाते छत्तीसगढ़ की हरसंभव मदद करना उनका कर्तव्य है।
मध्यप्रदेश सरकार ने 5 करोड़ रुपए की राशि और आवश्यक राहत सामग्री बस्तर भेजी है। राहत सामग्री को ट्रेन के जरिए रवाना किया गया, जिसे बाढ़ प्रभावित इलाकों में वितरित किया जाएगा। यादव ने कहा कि दंतेवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में भारी तबाही हुई है और ऐसे समय में तत्काल राहत पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में और मदद की आवश्यकता होने पर मध्यप्रदेश पीछे नहीं हटेगा। साथ ही उन्होंने जोर दिया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सभी राज्य सरकारें मिलकर आपसी समन्वय और सहानुभूति से कार्य करें।
इस सहयोग को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मध्यप्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री मोहन यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ केवल पड़ोसी राज्य नहीं, बल्कि आत्मीय बंधन से जुड़े परिवार की तरह हैं। आपदा की इस घड़ी में मिला सहयोग निश्चित रूप से बाढ़ प्रभावित लोगों को संबल और राहत देगा। यह कदम दोनों राज्यों के बीच मजबूत रिश्तों का प्रतीक है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य को गति देने में मदद करेगा।