छत्तीसगढ़ में 6 बजकर 20 मिनट पर दिखा चंद्रग्रहण: रायपुर में आंशिक रूप से नजर आया, पश्चिमी इलाकों में नहीं दिखा

रायपुर। मंगलवार को भारत के अधिकांश हिस्सों में चंद्रग्रहण देखा गया। रायपुर में शाम 6 बजकर 20 मिनट पर चंद्रग्रहण का आंशिक दृश्य नजर आया। हालांकि प्रदेश के कुछ पश्चिमी इलाकों में यह स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दिया। छत्तीसगढ़ में ग्रहण का केवल अंतिम चरण ही देखा जा सका।
जानकारी के अनुसार, रायपुर में चंद्रोदय तक ग्रहण का अधिकांश हिस्सा समाप्त हो चुका था। इसी कारण यहां पूर्ण चरण दिखाई नहीं दिया और केवल आंशिक ग्रहण का दृश्य ही नजर आया। विधानसभा क्षेत्र में ली गई तस्वीरों में सात-सात मिनट के अंतराल पर चंद्रमा के आकार में हल्का बदलाव देखा गया।
India Meteorological Department (IMD) के मुताबिक, देश में ग्रहण की शुरुआत दोपहर 3 बजकर 20 मिनट (IST) पर हुई और समापन शाम 6 बजकर 48 मिनट पर हुआ। वैज्ञानिकों के अनुसार, चंद्रग्रहण पूर्णिमा के दिन तब लगता है जब सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा एक सीध में आ जाते हैं और पृथ्वी की छाया चंद्रमा पर पड़ती है।
जब चंद्रमा पूरी तरह पृथ्वी की गहरी छाया (उम्ब्रा) में चला जाता है, तब उसे पूर्ण चंद्रग्रहण कहा जाता है। आंशिक स्थिति में चंद्रमा का केवल कुछ हिस्सा छाया में होता है। आज के ग्रहण का मैग्निट्यूड 1.155 दर्ज किया गया, जो पूर्ण चंद्रग्रहण की श्रेणी में आता है। हालांकि रायपुर में इसका पूर्ण प्रभाव दिखाई नहीं दिया, इसलिए “ब्लड मून” जैसा लालिमा वाला दृश्य यहां नजर नहीं आया।
इससे पहले 7-8 सितंबर 2025 को पूर्ण चंद्रग्रहण देखा गया था। अब भारत में अगला चंद्रग्रहण 6 जुलाई 2028 को दिखाई देगा, जो आंशिक होगा।



