LPG उत्पादन 25 प्रतिशत बढ़ा, बुकिंग के बाद ढाई दिन में मिलेगा सिलेंडर- पेट्रोलियम मंत्रालय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी

दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच केंद्र सरकार के मंत्रालयों ने बुधवार को एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस की और लोगों की चिंताओं को दूर किया।
इस दौरान पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि प्राथमिक क्षेत्रों को किसी तरह की कटौती के बिना गैस आपूर्ति दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि गलत सूचनाओं के कारण रसोई गैस सिलेंडर को लेकर अफरा-तफरी है। उन्होंने कहा कि बुकिंग करने के बाद ढाई दिन में सिलेंडर की डिलीवरी मिलेगी।
लोगों से न घबराने की अपील
तेल उत्पादन कंपनियों को केंद्र सरकार ने 30,000 करोड़ रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। शर्मा ने बताया कि दिल्ली में अभी 60 रुपये की बढ़ोतरी के बाद LPG सिलेंडर की कीमत 913 रुपये है।
उन्होंने LPG सिलेंडरों की कमी की आशंकाओं के बीच नागरिकों से बुकिंग में जल्दबाजी न करने का आग्रह किया है। वितरण को सुचारू रूप से चलाने के लिए सरकार ने सिलेंडरों के लिए डिलीवरी कोड सिस्टम लागू किया है।
आपूर्ति बाधित नहीं हुई
मंत्रालय की अधिकारी ने बताया कि भारत की कच्चे तेल की आपूर्ति सुरक्षित है। हमारी रोज की खपत लगभग 55 लाख बैरल है।
उन्होंने बताया कि आज की खरीद अलग-अलग तरह की खरीद से आया है, जो होर्मुज जलडमरूमध्य से आने वाली मात्रा से ज़्यादा है। भारत 40 से ज़्यादा देशों से कच्चा तेल आयात करता है और अलग-अलग तरह की खरीद से भारत का लगभग 70 प्रतिशत कच्चा तेल होर्मुज के बाहर के रास्तों से आ रहा है।



