भगवान जगन्नाथ को मिली 1000 करोड़ की जमीन: राजस्व बोर्ड ने 81 एकड़ भूमि स्वामित्व में दर्ज करने का दिया आदेश

पुरी। ओडिशा के पुरी में भगवान श्री जगन्नाथ की 81 एकड़ बेशकीमती जमीन अब उनके नाम पर दर्ज होगी। राज्य के राजस्व बोर्ड ने इस संबंध में महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए भूमि अभिलेखों में स्वामित्व बदलने का आदेश दिया है। पुरी शहर के समंगारा मौजा में श्री जगन्नाथ मेडिकल कॉलेज के पास स्थित इस जमीन की बाजार कीमत 1000 करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है।
राजस्व बोर्ड के सदस्य सत्यब्रत साहू ने पुरी के तहसीलदार को जमीन के रिकॉर्ड ऑफ राइट्स (RoR) में जरूरी संशोधन करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत संबंधित भूमि भगवान श्री जगन्नाथ के नाम पर दर्ज की जाएगी। इस मामले में भगवान जगन्नाथ का प्रतिनिधित्व श्री जगन्नाथ मंदिर प्रबंधन समिति करेगी।
मंदिर प्रशासन की दो याचिकाओं पर फैसला
राजस्व बोर्ड ने यह आदेश श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (SJTA) की ओर से दायर दो याचिकाओं पर सुनवाई के बाद दिया है। मंदिर प्रशासन ने संबंधित जमीनों के स्वामित्व का मुद्दा बोर्ड के सामने उठाया था। सुनवाई के बाद बोर्ड ने भूमि अभिलेखों में सुधार कर जमीन भगवान जगन्नाथ के नाम दर्ज करने का निर्देश दिया।
मेडिकल कॉलेज के पास है बेशकीमती जमीन
करीब 81 एकड़ में फैली यह जमीन पुरी के समंगारा मौजा में स्थित है। श्री जगन्नाथ मेडिकल कॉलेज के नजदीक होने के कारण इसका आर्थिक महत्व भी काफी अधिक है। बाजार में इसकी कीमत 1000 करोड़ रुपए से ज्यादा बताई जा रही है।
राजस्व बोर्ड के आदेश के बाद अब तहसीलदार को भूमि अभिलेखों में संशोधन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। रिकॉर्ड ऑफ राइट्स में जमीन के मालिकाना हक, क्षेत्रफल और अन्य अधिकारों का विवरण दर्ज होता है। संशोधन के बाद इन जमीनों पर भगवान जगन्नाथ का स्वामित्व राजस्व दस्तावेजों में स्पष्ट हो जाएगा।
मंदिर प्रशासन के लिए यह फैसला उसकी संपत्तियों के संरक्षण और प्रबंधन की दिशा में अहम माना जा रहा है। हालांकि, जमीन पहले किनके नाम पर दर्ज थी और भविष्य में इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से होगा, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।





