लोन वर्राटू अभियान: 2 महिला माओवादी ने किया आत्मसमर्पण

दन्तेवाड़ा । छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रदेश में चलाए जा रहे लोन वर्राटू अभियान से प्रभावित होकर नक्सली मुख्यधारा से जुड रहे है। इसी कडी में अभियान से प्रेरित होकर दंतेवाड़ा पुलिस के सामने 2 महिला माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है।
आत्मसमर्पण करने वाली महिला नक्सलियों का नाम भीमे वेट्टी और जोगी कुंजाम बताया जा रहा है। इन महिला नक्सलियों पर क्रमश: 2 लाख और 1 लाख रुपए का इनाम शासन ने रखा था। यह दोनों माओवादी महिलाएं नक्सलवाद से तंग आकर और समाज के मुख्यधारा में लौटने का संकल्प लेकर आत्मसमर्पण करने आईं।
उन्होंने गुरुवार 6 मार्च को पुलिस उप महानिरीक्षक कमलोचन कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव राय और अन्य पुलिस अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण किया। डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की टीम ने इन माओवादियों को आत्मसमर्पण करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लोन वर्राटू अभियान के तहत अब तक 217 ईनामी सहित कुल 904 माओवादी मुख्यधारा में लौट चुके हैं।
पुनर्वास नीति के तहत सहायता
आत्मसमर्पित माओवादियों को छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा 25,000 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इसके साथ ही, उन्हें 3 साल तक निःशुल्क आवास और भोजन, स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण और कृषि भूमि जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।