StateNewsदेश - विदेश

फौजी ठिकानों की लाइव जासूसी का भंडाफोड़,ISI-बब्बर खालसा मॉड्यूल के 11 आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली। राजधानी में एक बड़े आतंकी और जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 11 आरोपियों को पंजाब और दिल्ली से गिरफ्तार किया है।

जांच में सामने आया है कि यह गिरोह देश के संवेदनशील सैन्य ठिकानों की जासूसी कर रहा था। आरोपियों ने पंजाब, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और हरियाणा के कई अहम इलाकों में सोलर पावर से चलने वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। इन कैमरों में फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल किया गया था, जिनके जरिए पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स मोबाइल ऐप के माध्यम से रियल टाइम फुटेज देखते थे।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जिन जगहों पर कैमरे लगाए गए थे, उनमें कपूरथला, जालंधर, पठानकोट, पटियाला, मोगा, अंबाला, कठुआ और अलवर-बीकानेर जैसे संवेदनशील क्षेत्र शामिल हैं। यहां सेना और अर्धसैनिक बलों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही थी, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 9 सीसीटीवी कैमरे, चार पिस्तौल (जिनमें तीन विदेशी निर्मित) और 24 कारतूस बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी न सिर्फ जासूसी कर रहे थे, बल्कि हथियारों की तस्करी और संभावित आतंकी हमलों की साजिश में भी शामिल थे।

पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपियों को पैसों का लालच देकर इस नेटवर्क में जोड़ा गया था। यह पैसा सीमा पार से नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी के जरिए आता था।

पुलिस का कहना है कि समय रहते इस मॉड्यूल का खुलासा कर एक बड़े आतंकी हमले को टाल दिया गया है। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button