सरकारी अस्पताल में शराब-चिकन पार्टी: ड्यूटी छोड़कर जाम छलकाते मिले फार्मासिस्ट और वार्ड बॉय, दोनों सस्पेंड

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लटोरी में सरकारी अस्पताल के भीतर शराब और चिकन पार्टी का वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में ड्यूटी के दौरान फार्मासिस्ट और वार्ड बॉय अपने साथियों के साथ अस्पताल के एक कमरे में शराब पीते और पार्टी करते दिखाई दे रहे हैं। मामला सामने आते ही दोनों कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, फार्मासिस्ट रंजीत जायसवाल और वार्ड बॉय प्रेम कुशवाहा अपने कुछ साथियों के साथ अस्पताल परिसर के एक कमरे में शराब और चिकन पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनका वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

वीडियो में टेबल पर शराब की बोतल, डिस्पोजल गिलास, चिकन और सिगरेट का पैकेट साफ दिखाई दे रहा है। कैमरा देखकर कमरे में मौजूद लोग एक-एक कर बाहर निकलते नजर आते हैं। घटना ऐसे समय की बताई जा रही है, जब दोनों कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात थे।

वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर ड्यूटी के दौरान शराब पार्टी करने को गंभीर लापरवाही बताते हुए दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मामले की जानकारी मिलते ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. कपिल देव पैकरा ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए फार्मासिस्ट रंजीत जायसवाल और वार्ड बॉय प्रेम कुशवाहा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उन्होंने कहा कि मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सरकारी अस्पताल में इस तरह की घटना ने स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विभाग अब यह भी जांच कर रहा है कि पार्टी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका क्या थी और क्या ड्यूटी के दौरान मरीजों की सेवाएं प्रभावित हुई थीं।

Exit mobile version