Chhattisgarhछत्तीसगढ़

रायपुर साहित्य उत्सव के हर सत्र के लिए लायज़निंग अधिकारी होंगे तैनात

रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर में 23 से 25 जनवरी तक आयोजित होने वाले रायपुर साहित्य उत्सव की तैयारियों को लेकर छत्तीसगढ़ संवाद ऑडिटोरियम में एक अहम बैठक हुई। बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं, सत्रों के संचालन और अतिथियों के समन्वय से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि साहित्य उत्सव के प्रत्येक सत्र के बेहतर और समयबद्ध संचालन के लिए लायज़निंग अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। ये अधिकारी अपने-अपने सत्र से जुड़े वक्ताओं, कलाकारों, तकनीकी टीम, मंच प्रबंधन तथा अन्य व्यवस्थाओं के बीच समन्वय स्थापित करेंगे, जिससे कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ करें। सत्रों के प्रारंभ और समापन के समय, अतिथियों की सुविधा, मीडिया समन्वय तथा दर्शकों की सहभागिता जैसे पहलुओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि रायपुर साहित्य उत्सव को राष्ट्रीय स्तर के साहित्यिक आयोजन के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से प्रशासन और आयोजन समिति द्वारा तैयारियाँ अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। देशभर से आने वाले प्रख्यात साहित्यकारों, लेखकों और कलाकारों के लिए बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, अपर संचालक जनसंपर्क उमेश मिश्रा और संयुक्त संचालक जितेन्द्र नागेश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। सभी ने आयोजन को सुव्यवस्थित, गरिमामय और यादगार बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव साझा किए।

Related Articles

Back to top button