भाठागांव में लीकेज: डेढ़ लाख घरों में 13 सितंबर को पानी बंद, सड़क पूरी तरह ब्लॉक

रायपुर। राजधानी रायपुर के भाठागांव में इंटकवेल से फिल्टर प्लांट तक जाने वाली नगर निगम की राइजिंग मेन लाइन हैवी ट्रैफिक के दबाव में लीक हो गई है। 1400 एमएम व्यास की यह पाइपलाइन 2012 में डाली गई थी। पिछले कुछ वर्षों में भाठागांव में बढ़ती कालोनियों और भारी ट्रक व कमर्शियल वाहनों के कारण रोड जर्जर हो चुकी है। इस वजह से पाइपलाइन में लीकेज या जोड़ खुल जाने की संभावना है।
जल निगम ने शुक्रवार रात से पाइपलाइन की मरम्मत शुरू करने का निर्णय लिया है। मरम्मत के लिए पूरे मेन रोड को ब्लॉक किया जाएगा। यह काम रात 10 बजे से शुरू होगा और 13 सितंबर को पूरा होने की संभावना है। इस कारण करीब डेढ़ लाख घरों में सुबह पानी नहीं पहुंचेगा। 32 टंकियां भर नहीं पाएंगी और नल बंद रहेंगे। प्रभावित क्षेत्रों में भाठागांव, चंगोराभाठा, कुशालपुर, डीडी नगर, ईदगाहभाठा, सरोना, टाटीबंध, कोटा, कबीर नगर, जरवाय, गोगांव, मठपुरैना, लालपुर, अमलीडीह, अवंति विहार, मंडी, मोवा, सड्ढू, दलदल सिवनी, राम नगर, कचना, आमासिवनी, देवपुरी, बोरियाखुर्द, जोरा, भनपुरी नई टंकी, रायपुरा, कुकुरबेड़ा, बैरनबाजार, देवेंद्र नगर नई टंकी, संजय नगर और मोतीबाग शामिल हैं।
नगर निगम के ईई नरसिंग फरेंद्र ने बताया कि पाइपलाइन स्टील की अंदर और सीमेंट की बाहरी परत वाली है, जिसे 50 साल की लाइफ के लिए बनाया गया था। मरम्मत के लिए करीब सात फीट गहरी खुदाई करनी पड़ेगी। इसी वजह से पूरी सड़क ब्लॉक होगी। महापौर मीनल चौबे मौके पर पहुंची और निरीक्षण कर अफसरों को मरम्मत तेजी से करने के निर्देश दिए। जल निगम ने कहा कि अगर पानी की समस्या बनी रही तो टैंकरों से वैकल्पिक आपूर्ति की जाएगी।