केदारनाथ मार्ग पर लैंडस्लाइड, 4 हजार यात्री फंसे; यूपी में बारिश से 57 मौतें

दिल्ली। उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच केदारनाथ यात्रा मार्ग पर लैंडस्लाइड होने से करीब 4 हजार श्रद्धालु फंस गए हैं। रुद्रप्रयाग में पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने के कारण रास्ता खोलने में परेशानी हो रही है। खराब मौसम को देखते हुए रविवार को केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है। हेली सेवाएं भी बंद हैं।

उत्तराखंड के देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी में रेड अलर्ट जारी किया गया है। उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में ऑरेंज अलर्ट है। वहीं बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में यलो अलर्ट है। उत्तरकाशी के सीमांत इलाकों में बारिश के साथ ऊंची चोटियों पर बर्फबारी भी हुई है।

यूपी में 45 शहरों में लगातार बारिश

उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, बाराबंकी, अयोध्या और जौनपुर समेत 45 शहरों में करीब 65 घंटे से बारिश हो रही है। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। 22 जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है। आंधी-बारिश से दो दिनों में 57 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। कई इलाकों में पेड़ और बिजली के पोल गिरने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।

बिहार में कोसी-गंडक उफान पर

बिहार में चक्रवात अर्नब का असर कमजोर होने के बावजूद पिछले 72 घंटे से बारिश जारी है। नेपाल के तराई क्षेत्र में हो रही बारिश के कारण कोसी और गंडक नदियां उफान पर हैं। राज्य के 17 जिलों में करीब 6 हजार गांव प्रभावित बताए गए हैं। करीब 500 घर बाढ़ के पानी से घिरे हैं। सुपौल के 50 गांवों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।

हिमाचल और राजस्थान में भी बदला मौसम

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है। पूह के कुन्नू और छितकुल में बर्फ की चादर दिखाई दी। राजस्थान के 16 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। कोटा और जैसलमेर के कुछ इलाकों में बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं।

↑
Exit mobile version