Chhattisgarh

लाल आतंक के अंत में सुरक्षा बलों की भूमिका सराहनीय – अमित शाह

रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दंतेवाड़ा में सुरक्षा बल के जवानों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि बस्तर अब लाल आतंक से बाहर निकलकर विकास की दिशा में बढ़ रहा है। यह बदलाव हमारे वीर जवानों की बहादुरी और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। डीआरजी, कोबरा बटालियन, छत्तीसगढ़ पुलिस और पैरा मिलिटरी फोर्सेस की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा कैम्पों की स्थापना से कई गाँव अब नक्सल मुक्त हो चुके हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सली हिंसा में घायल जवानों के बेहतर इलाज के लिए रायपुर और जगदलपुर में विशेष अस्पतालों की स्थापना की घोषणा भी की। उन्होंने जवानों से आत्मीय बातचीत में कहा कि सरकार हर स्थिति में उनके साथ खड़ी है।

उन्होंने बस्तर पण्डूम जैसे सांस्कृतिक आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि यह मंच बस्तर की कला, संस्कृति, खानपान, वेशभूषा और नृत्य-संगीत को देश-विदेश में पहचान दिला रहा है।

भय से विश्वास की ओर बढ़ता बस्तर – मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बस्तर पण्डूम जैसे सांस्कृतिक आयोजन में केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह की उपस्थिति हमारे लिए गर्व की बात है। उनके आगमन से प्रदेश के वीर जवानों का हौसला और बढ़ता है।

उन्होंने कहा कि यह संवाद बस्तर के उस बदलाव का प्रतीक है, जो अब भय से विश्वास, और आतंक से विकास की ओर बढ़ रहा है। केंद्रीय नेतृत्व और जवानों के साहस ने बस्तर को नई दिशा दी है। उन्होंने जवानों को सफल नक्सल ऑपरेशनों के लिए बधाई दी और उनके योगदान को नमन किया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर की शांति के लिए हमारे सुरक्षा बल के जवान पूरी निष्ठा से काम कर रहे हैं। बस्तर को नक्सल मुक्त करना केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता है, और हम इसे पूरा करेंगे।

Related Articles

Back to top button