रायपुर में रहेजा साइट पर मजदूर जिंदा दफन, मौत

रायपुर। राजधानी के कचना इलाके में स्थित रहेजा प्रोजेक्ट की निर्माणाधीन साइट पर शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। मिट्टी धंसने से एक कारपेंटर मजदूर जिंदा दफन हो गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कचना में क्लब हाउस का निर्माण कार्य चल रहा था, जहां करीब दो दर्जन मजदूर काम कर रहे थे। झारखंड के गढ़वा निवासी गुड्डू रवि (32) शटरिंग का काम करने के लिए करीब 8 फीट गहरे गड्ढे में उतरा था। इसी दौरान अचानक मिट्टी का ढेर उस पर गिर गया और वह नीचे ही दब गया। साथी मजदूरों ने उसे निकालने की कोशिश की, लेकिन जब तक बाहर निकाला गया, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
मृतक के भाई पुलेंदर कुमार ने बताया कि गुड्डू करीब एक महीने पहले ही रायपुर काम के लिए आया था। शनिवार दोपहर उनकी उससे बात भी हुई थी। शाम को अचानक एक कॉल आया, जिसमें बताया गया कि गुड्डू की तबीयत खराब है और रायपुर आने को कहा गया। परिजन जब मेकाहारा अस्पताल पहुंचे तो उसे मृत अवस्था में पाया। बाद में ठेकेदार ने बताया कि वह मिट्टी में दब गया था।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि हादसे की सच्चाई छिपाकर बीमारी की जानकारी दी गई। उन्होंने पूरे मामले में पारदर्शिता और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
खम्हारडीह थाना प्रभारी आईपीएस मानसी नानाभाई साकुरे ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गुड्डू रवि अपने पीछे पत्नी और तीन छोटी बेटियों को छोड़ गया है। इस हादसे ने एक बार फिर निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





