नक्सलियों का ट्रैप नाकाम: जवानों ने 10 किलो की IED को किया डिफ्यूज

जगदलपुर। बीजापुर जिले के पेद्दाकोरमा गांव में नक्सलियों द्वारा जवानों को नुकसान पहुंचाने की साजिश नाकाम हो गई। नक्सलियों ने गांव के रास्ते में 10 किलो की IED प्लांट कर रखी थी, जिसे बम निरोधक दस्ते (BDS) की टीम ने समय रहते डिफ्यूज कर दिया।
दरअसल, 17 जून को पेद्दाकोरमा गांव में नक्सलियों ने तीन ग्रामीणों की हत्या कर दी थी। नक्सली जानते थे कि घटना की जांच के लिए सुरक्षाबल मौके पर जरूर पहुंचेंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने रास्ते में 5-5 किलो की दो IED बम लगाई थी। इस बीच DRG के जवान क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन पर थे, तभी BDS टीम को संदिग्ध वस्तु दिखाई दी, जांच करने पर उसमें IED की पुष्टि हुई। बम को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया गया।
बीजापुर पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि जवानों की सतर्कता और प्रशिक्षण की बदौलत एक बड़ा हादसा टल गया। यह घटना नक्सलियों की कायराना सोच और हिंसक मंसूबों को उजागर करती है। पुलिस और सुरक्षाबल लगातार इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।