जशपुर। पत्थलगांव थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। भाजपा की महिला नेत्री के बैंक खातों से अज्ञात साइबर ठगों ने UPI ट्रांजेक्शन के जरिए करीब 3.82 लाख रुपए निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पत्थलगांव नगर पालिका के अंबेडकर नगर वार्ड क्रमांक-4 निवासी वीरेंद्र नाथ विश्वास ने थाना पत्थलगांव में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने उनके दो बैंक खातों से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 3 लाख 82 हजार 937 रुपए निकाल लिए।
शिकायत के अनुसार, भारतीय स्टेट बैंक की पत्थलगांव शाखा से 14 जुलाई 2026 को 85,025 रुपए निकाले गए। इसके बाद बैंक ऑफ बड़ौदा के पत्थलगांव शाखा स्थित खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन किए गए। इनमें 98,512 रुपए, 99,900 रुपए और 99,500 रुपए की रकम शामिल है।
पीड़ित के मुताबिक, इन सभी ट्रांजेक्शन के जरिए उनके खातों से रकम UPI के माध्यम से निकाली गई। बैंक खातों से इतनी बड़ी राशि निकलने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया और अज्ञात आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित ने पुलिस से साइबर ठगी की पूरी जांच कर आरोपी का पता लगाने, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब बैंक खातों से हुए ट्रांजेक्शन, UPI आईडी और रकम जिन खातों में पहुंची, उनकी जानकारी जुटा रही है। साइबर टीम की मदद से आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
