क्वांटम युग में कोरिया की चमक: अंशिका कश्यप बनीं प्रदेश की टॉपर

अब करेंगी राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले की होनहार छात्रा अंशिका कश्यप ने राज्य स्तर की राष्ट्रीय विज्ञान संगोष्ठी 2025 में पहला स्थान हासिल कर जिले और स्कूल का नाम रोशन किया है। अब अंशिका छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय मंच पर करेंगी।
यह प्रतियोगिता हाल ही में रायपुर स्थित शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय में आयोजित हुई थी। इसका आयोजन राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने मिलकर किया था। संगोष्ठी का विषय था – “क्वांटम युग का आगाज: संभावनाएं और चुनौतियां”।
क्वांटम युग क्या है
क्वांटम युग एक नई वैज्ञानिक क्रांति है। इसमें कंप्यूटर, संचार और सेंसर जैसी तकनीकें बहुत तेज़ और सटीक हो जाती हैं। क्वांटम कण एक साथ कई अवस्थाओं में रह सकते हैं, जिसे सुपरपोजिशन कहा जाता है।
अंशिका कश्यप ने इस कठिन विषय को बहुत सरल और वैज्ञानिक तरीके से समझाया। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्रदेश में प्रथम स्थान मिला। वह सेजेस महलपारा, बैकुंठपुर की छात्रा हैं।
इस सफलता में उनकी भौतिकी की शिक्षिका शिल्पी सिंह का भी बड़ा योगदान रहा है। कोरिया जिले में खुशी की लहर है। अंशिका की इस उपलब्धि पर शिक्षकों, विद्यार्थियों और विज्ञान प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी है। यह उपलब्धि बताती है कि कोरिया की प्रतिभाएं किसी से कम नहीं हैं।