ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

कोण्डागांव को 132 करोड़ के 49 विकास कार्यों की सौगात, 56 गांवों को मिलेगा बेहतर इलाज

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को कोण्डागांव जिले के ग्राम धनोरा में 132 करोड़ 69 लाख रुपए के 49 विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया।

इस दौरान उन्होंने 2.50 करोड़ रुपए की लागत से बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया। साथ ही वनांचल के किसानों की उपज को बाजार में नई पहचान दिलाने के लिए ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड लॉन्च किया।

56 गांवों के 56 हजार लोगों को मिलेगा इलाज

धनोरा में नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से आसपास के 56 गांवों के करीब 56 हजार ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

अब सामान्य बीमारियों के इलाज, स्वास्थ्य जांच और जरूरी चिकित्सा सेवाओं के लिए ग्रामीणों को जिला मुख्यालय तक नहीं जाना पड़ेगा। इसका लाभ गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भी मिलेगा।

730 किसानों की उपज को मिलेगा ब्रांड

मुख्यमंत्री ने ग्राम बेचा, किलम, कड़ेनार और मंदोड़ा के करीब 730 किसानों की उपज को ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड के जरिए बाजार से जोड़ने की पहल की।

इन गांवों के किसान पारंपरिक तरीके से बिना रासायनिक खाद के धान की खेती करते हैं। अब जिला प्रशासन इनके धान का संग्रहण, प्रसंस्करण, ग्रेडिंग और पैकेजिंग कर बाजार में उपलब्ध कराएगा। इससे किसानों को बेहतर कीमत मिलने की उम्मीद है।

बिहान की महिलाएं संभालेंगी प्रोसेसिंग और मार्केटिंग

इस पहल में बिहान स्वसहायता समूह की महिलाएं भी भागीदार बनेंगी। उड़ान प्रोड्यूसर महिला कृषक कंपनी को धान के संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता प्रबंधन, पैकेजिंग और विपणन की जिम्मेदारी दी गई है।

इससे महिलाओं को स्वरोजगार और ग्रामीण स्तर पर रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

पेन खण्डा मुदिया के किए दर्शन

धनोरा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने कोनगुड़ परगना के प्रमुख आराध्य पेन खण्डा मुदिया के दर्शन-पूजन किए। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, सांसद महेश कश्यप, भोजराज नाग और विधायक लता उसेंडी सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button