रायपुर। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के पांचवें दिन अंबिकापुर में शुरू हुई कुश्ती प्रतियोगिता में झारखंड और हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो-दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं मिजोरम के वेटलिफ्टर्स ने भी दो स्वर्ण जीतकर अपने अभियान का दमदार समापन किया।
झारखंड को पहला स्वर्ण पूनम उरांव ने महिला 50 किग्रा वर्ग में दिलाया, जबकि अंजित कुमार मुंडा ने पुरुष 67 किग्रा ग्रीको-रोमन में जीत हासिल की। हिमाचल प्रदेश के नविश कुमार (97 किग्रा) और प्रियंका चौधरी (62 किग्रा) ने भी स्वर्ण जीतकर टीम को मजबूती दी।
वेटलिफ्टिंग में मिजोरम के जोसांगजुआली और डेविड जोह्मिंगमाविया ने स्वर्ण पदक जीते, जिससे राज्य कुल चार स्वर्ण के साथ पदक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गया। वहीं छत्तीसगढ़ को रिशिका कश्यप (रजत) और लकी बाबू मरकाम (कांस्य) के रूप में दो पदक मिले।
कुल पदक तालिका में कर्नाटक 15 स्वर्ण, 6 रजत और 4 कांस्य के साथ शीर्ष पर बना हुआ है। ओडिशा दूसरे और अरुणाचल प्रदेश तीसरे स्थान पर है। अरुणाचल के साम्बो लापुंग ने 299 किग्रा वजन उठाकर स्वर्ण जीतते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
महाराष्ट्र ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए साक्षी बुरकुले और विनोद सालकर के जरिए स्वर्ण पदक जीते। वहीं जम्मू-कश्मीर ने कुश्ती में एक स्वर्ण और एक रजत जीतकर खाता खोला। इस प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है, जिससे खेलों के प्रति उत्साह लगातार बढ़ रहा है।
