खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स: छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के बीच होगा फाइनल मुकाबला

रायपुर। राजधानी रायपुर के कोटा स्थित स्वामी विवेकानंद एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ अपने रोमांचक पड़ाव पर पहुँच गया है। पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मैचों में छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बना ली है।
सेमीफाइनल मुकाबलों का रोमांच
मैदान पर आज जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। छत्तीसगढ़ और अरुणाचल प्रदेश के बीच खेला गया मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। छत्तीसगढ़ की टीम ने खेल की शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए पहले हाफ के अंत तक 2-0 की बढ़त हासिल कर ली थी। दूसरे हाफ में अरुणाचल प्रदेश ने वापसी के लिए पूरा जोर लगाया और दो गोल दागे, लेकिन छत्तीसगढ़ ने अपना संयम बनाए रखा और अंततः 3-2 से जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट कटाया।
वहीं, एक अन्य सेमीफाइनल मैच में पश्चिम बंगाल की टीम ने गोवा पर एकतरफा जीत हासिल की। पश्चिम बंगाल के खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल दिखाते हुए गोवा को 5-2 के बड़े अंतर से पराजित किया और खिताबी मुकाबले के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की।
केंद्रीय खेल राज्य मंत्री ने बढ़ाया उत्साह
इस महत्वपूर्ण अवसर पर केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने मैदान पर खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना की। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत मंच प्रदान करते हैं।
गणमान्य जनों की उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान भारतीय खेल प्राधिकरण के उप महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव, खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। अब सभी की निगाहें छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के बीच होने वाले महामुकाबले पर टिकी हैं।





