ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: 86+ किग्रा वेटलिफ्टिंग में मिजोरम की ज़ोसांगज़ुआली को स्वर्ण

रायपुर। राजधानी रायपुर में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के तहत महिला 86+ किलोग्राम वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के खेल परिसर में आयोजित इस स्पर्धा में मिजोरम की ज़ोसांगज़ुआली ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

ज़ोसांगज़ुआली ने स्नैच में 70 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 83 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 140 किलोग्राम के साथ पहला स्थान हासिल किया। उनका प्रदर्शन पूरे मुकाबले में संतुलित और प्रभावशाली रहा, जिससे उन्होंने प्रतिस्पर्धा में बढ़त बनाए रखी और मिजोरम का नाम रोशन किया।

असम की पिंकी बोरो ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 125 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक हासिल किया। उन्होंने स्नैच में 55 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 70 किलोग्राम वजन उठाया। वहीं मध्य प्रदेश की गुंजन उइके ने 86 किलोग्राम वजन के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। उन्होंने स्नैच में 39 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 47 किलोग्राम का सफल प्रयास किया।

इसके अलावा त्रिपुरा की ट्विस्मु जमातिया 77 किलोग्राम वजन के साथ चौथे स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता में सभी खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जहां हर प्रतिभागी ने अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास किया।

इस स्पर्धा की खास बात यह रही कि युवा खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट तकनीक, आत्मविश्वास और संतुलन का प्रदर्शन किया। दर्शकों का उत्साह भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन में ऊर्जा भरता रहा। यह प्रतियोगिता एक बार फिर साबित करती है कि देश के जनजातीय क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की भरपूर क्षमता मौजूद है, जिन्हें सही मंच मिलने पर वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।

Related Articles

Back to top button