ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: सरगुजा के अखाड़े में उतरे 30 राज्यों के पहलवान; पहले दिन दिखा दम

रायपुर। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 के चौथे दिन सरगुजा के अंबिकापुर स्थित गांधी स्टेडियम में कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। इस नेशनल इवेंट में देश के 30 राज्यों से आए 144 आदिवासी पहलवान अपना दमखम दिखा रहे हैं। पहले ही दिन मैट पर तकनीक और ताकत का ऐसा संगम देखने को मिला कि दर्शकों की सांसें थम गईं।

फ्रीस्टाइल में महाराष्ट्र और जम्मू-कश्मीर का दबदबा

पुरुष फ्रीस्टाइल के सीनियर वर्ग में कड़े मुकाबले देखने को मिले। 74 किलोग्राम भारवर्ग में जम्मू-कश्मीर के मुनैर हुसैन और महाराष्ट्र के विक्रम साहेबराव पवार ने अपने विरोधियों को चित करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, हेवीवेट 125 किलोग्राम कैटेगरी में तेलंगाना के बनोथ विनोदकुमार और महाराष्ट्र के विनोद यशवंत सलकार के बीच अब खिताबी भिड़ंत होगी।

ग्रीको-रोमन: तकनीक की जंग

कुश्ती की ग्रीको-रोमन शैली में भी रोमांच कम नहीं रहा। 67 किलोग्राम भारवर्ग में गुजरात के वसावा मुकेशभाई का सामना झारखंड के अंजीतकर मुंडा से होगा। वहीं, 97 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में हिमाचल प्रदेश के नवीश कुमार और जम्मू-कश्मीर के शमा हुन के बीच कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है।

महिला पहलवानों ने भी दिखाया ‘पावर’

महिला वर्ग के मुकाबलों में भी आदिवासी बेटियों ने अपनी फुर्ती से सबको चौंका दिया। 50 किलोग्राम वर्ग में झारखंड की पूनम ओरांव और तेलंगाना की के. गीता फाइनल में पहुंचीं। 62 किलोग्राम वर्ग में असम की देबी दैमारी और हिमाचल प्रदेश की प्रियंका चौधरी के बीच स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला होगा।

राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा

सरगुजा की धरती पर पहली बार इतने बड़े पैमाने पर आदिवासी पहलवानों का जमावड़ा लगा है। प्रतियोगिता के पहले दिन के नतीजों ने साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में खिताबी जंग और भी तेज होने वाली है। खेल प्रेमियों के लिए गांधी स्टेडियम का अखाड़ा आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button